रायसेन सहित जिले में उमंग, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से ओत-प्रोत वातावरण में गणतंत्र दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय रायसेन स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्राउंड पर आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

समारोह में कलेक्टर दुबे ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। दुबे ने सलामी परेड का निरीक्षण किया। समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया एवं राष्ट्रगान की आकर्षक धुन प्रस्तुत की गई। परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड तथा महिला पुलिस बल द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। कलेक्टर ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े।

परेड के लिए इन्हें मिला पुरस्कार
परेड के लिए होम गार्ड्स को प्रथम पुरस्कार, जिला पुलिस बल को द्वितीय पुरस्कार और विशेष सशस्त्र बल 17वीं बटालियन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। महिला पुलिस बल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विशेष सशस्त्र बल का नेतृत्व उपनिरीक्षक संदीप शर्मा द्वारा, जिला पुलिस बल का नेतृत्व उप निरीक्षक रविन्द्र सिंह द्वारा, होमगार्ड्स का नेतृत्व पीसी मयंक जैन द्वारा तथा महिला पुलिस बल का नेतृत्व उप निरीक्षक त्रिशला मित्तल ने किया।

यह झांकियां हुईं पुरस्कृत
गणतंत्र दिवस समारोह में जिला पंचायत द्वारा प्रदर्शित की गई झांकी को प्रथम पुरस्कार, स्वास्थ्य विभाग की झांकी को द्वितीय पुरस्कार तथा वन विभाग द्वारा प्रदर्शित की गई झांकी को तृतीय पुरस्कार दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि कलेक्टर दुबे ने शासकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही मेघावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

By jansetu