26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आयोजन मुख्यालय के किला मैदान पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर डॉ. पंकज जैन उपस्थित थे। बुधवार सुबह करीब 9 बजे आगमन के 10 मिनट बाद ही ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। इसके बाद अतिथि डॉ. जैन ने परेड का निरीक्षण, तथा 20 मिनट तक प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का का वाचन किया।

दरअसल, जिले में इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह सादगी के साथ मनाया जा रहा है। स्कूली बच्चों को इस आयोजन से दूर रखा गया है। क्योंकि जिले में संक्रमण का खतरा काफी बढ़ा हुआ है। वर्तमान में ही 1300 से अधिक कोरोना के एक्टिव मरीज है। ऐसे में बच्चों को छोड़कर अधिकारी व कर्मचारी मास्क का उपयोग करते हुए ही आयोजन में शामिल हुए। परेड के बाद विभिन्न शासकीय विभागों की योजनाओं पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया।

ऑडिटोरियम में भारत पर्व
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस की शाम काे आयोजित होने वाला भारत पर्व पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में होगा। शाम 6 बजे शुरू होने वाले आयोजन में मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्योग मंत्री व विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

By jansetu