लोधीपुरा गांव में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। युवती ने गांव के ही युवक से प्रताड़ित होकर आत्महत्या की थी। युवक ने घटना के महज कुछ देर पहले भी युवती को 8 मर्तबा फोन किया था। परिवारवालों के बयान अौर जांच के बाद पुलिस ने परेशान करने वाले 21 साल के सुभाष के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। बहन ने बताया कि युवक उस रात घर भी आया था।

जानकारी के अनुसार धामनोद के लोधीपुरा गांव में तीन महीने पहले 18 साल की लड़की ने कीटनाशक पीकर जान दे दी थी। लड़की के पिता ने बयान में बताया कि 2 नवंबर को राखी के त्योहार के चलते पत्नी के साथ ससुराल चला गया था। घर पर बेटी आपनी दो छोटी बहनों के साथ थी। रात में करीब 10 बजे सुभाष घर पर आया था। छोटी बहन ने उसे घर आते भी देखा था। अगली सुबह करीब 5 बजे वह सुभाष से बात कर रही थी। इसके बाद 6 बजे के करीब उसने गिलास में कीटनाशक डालकर पी लिया।

रिश्ता पक्का होने के बाद भी कर रहा था प्रताड़ित
परिजनों ने बताया कि कुछ महीने पहले ही लड़की का रिश्ता पक्का किया था। इसके बाद भी आरोपी शादी की बात को लेकर परेशान करके युवती का पीछा कर रहा था। पुलिस को छोटी बहन ने बताया कि रात में आरोपी के घर आने के बाद बड़ी बहन सुबह भी उसी से बात कर रही थी। जब हमने मोबाइल देखा तो उसका करीब 8 बार फोन आया था। पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर की सीडीआर, पीएम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की है। टीआई राजकुमार यादव ने बताया कि मर्ग की जांच के दौरान परिजनों ने बयान में युवक का नाम बताया, जिसके बाद पीएम रिपोर्ट को आधार बनाते हुए युवक के द्वारा प्रताड़ित करने को लेकर प्रकरण दर्ज किया है। वह अभी गिरफ्त से बाहर है।

By jansetu