अप्रैल माह के शुरुआती दिनों की रिकॉर्ड गर्मी के बाद पिछले दो दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसके कारण तापमान करीब 3 डिग्री कम हुआ है। गुरुवार को धार में अधिकतम तापमान 39 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। जहां कुछ दिन पूर्व तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका था, किंतु मौसम में अचानक हुए परिवर्तन के बाद तापमान में बदलाव हुआ है। जिससे लोगों को गर्मी के शुरुआती मौसम में थोड़ी राहत जरूर मिली है, हालांकि दोपहर के समय तेज धूप के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम ही नजर आ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा, तथा 20 अप्रैल के बाद पुन: मौसम बदलेगा व गर्मी बढे़गी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ जीएस ग‍ाठिये ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवात से लेकर मप्र और विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। पश्चिमी असम तथा तटीय तमिलनाडु के क्षेत्र में बने चक्रवात के कारण जिले के मौसम में अचानक बदलाव आया है। जिसके कारण बादलों का डेरा आसमान में बना हुआ है। इसके कारण ही तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ ही लोगों को गर्मी के मौसम में राहत मिली है।

By jansetu