नगर के त्रिमूर्ति चौराहे पर स्थित अभिव्यक्ति स्थल पर जारी प्रदर्शन के पांचवे दिन सद्बुद्धि यज्ञ किया गया, इस दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका मौजूद थी। महिला कर्मचारियों ने भगवान के माध्यम से सरकार को जगाने की कोशिश की है। यज्ञ के बाद भगवान सरकार को सद्बुद्धि दे। ताकि उनकी मांगों का निराकरण समय पर किया जाए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका का अनिश्चितकालीन प्रदर्शन जारी है। अपनी 6 सूत्रीय मांगों को लेकर मप्र बुलंद आवाज नारी शक्ति संगठन के बैनर तले प्रतिदिन धरना मांगें नहीं मानने तक जारी रहेगा। संगठन की जिला अध्यक्ष सोनू राज पुरोहित ने बताया कि अक्टूबर 2018 के घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनों के मानदेय में 1500 रुपए एवं सहायिका के मानदेय में 750 रुपए की बढ़ोतरी को यथावत लागू कर संपूर्ण एरियर का भुगतान किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता एवं सहायिका को अन्य कर्मचारियों की तरह नियमित कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। तथा सभी कार्यकर्ता को 24 हजार रुपए व सहायिका को 18 हजार रुपए प्रतिमाह का मानदेय दिए जाने की मांग प्रदर्शन के माध्यम से की जा रही है। इसी तरह सरकार द्वारा पूर्व में की गई घोषणा अनुसार रिटायरमेंट पर एकमुश्त राशि एक लाख व सहायिका को 75 हजार रुपए का भुगतान भी किया जाए। जिला अध्यक्ष श्रीमती राजपुरोहित के अनुसार प्रतिदिन धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक धरना दिया जाएगा, साथ ही मांगे स्वीकार नहीं होने तक मार्च माह 2022 को एमपीआर ऑनलाइन और ऑफलाइन नहीं दिया जाएगा

By jansetu