जबलपुर-भोपाल रोड पर शहपुरा क्षेत्र के किशरोत गांव के पास तेज रफ्तार लैंड रोवर कंपनी की कार टोल नाका के लिए बने डिवाइडर से टकरा गई। कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो लोगों को हल्की चोटें आई है। शहपुरा पुलिस ने कार को थाने में खड़ी कराई है।

शहपुरा टीआई के मुताबिक बिना नंबर की नई लैंड रोवर कार जबलपुर से भोपाल की ओर जा रही थी। कार में इंदौर के दो लोग सवार थे। शहपुरा के पहले किसरोत गांव के पास बने टोल प्लाजा के डिवाइडर से कार टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त कार की रफ्तार 100 से ऊपर रही होगी।

डिवाइडर से टकराकर कार की दिशा तक मुड़ गई थी। हादसे के बाद राहगीरों ने दोनों कार सवार को निकाला और शहपुरा अस्पताल भिजवाया। हालांकि दोनों को अधिक चोटें नहीं आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर विजय नगर निवासी दीपक सोनी नाम का युवक थाने पहुंचा था। उसने कार एक्सीडेंट को लेकर शिकायत दी है। कार में उसका दोस्त सवार था।

85 लाख रुपए बताई जा रही कार की कीमत

एक्सीडेंट होने वाली कार की कीमत 85 लाख रुपए बताई जा रही है। एक्सीडेंट के बाद एयर बैलून खुल जाने से दोनों युवकों को अधिक चोटें नहीं आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक अभी फोरलेन तैयार नहीं हुआ है। इसके बावजूद टोल नाका तैयार हो गया।

टोल नाका के लिए रोड पर डिवाइडर ताे बना दिया, लेकिन संकेतक नहीं लगने की वजह से लोगों को दूर से नहीं दिखता। रफ्तार में आने वालों को अचानक से डिवाइडर दिखता है। इसी कारण ये हादसे हो रहे हैं।

About The Author

By jansetu